फिल्म निर्माता महेश भट्ट ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने उनके द्वारा लिखे गए पत्र का जवाब दे दिया है, जिसमें उन्होंने मामले को देखने का आश्वासन दिया है।
महेश भट्ट ने मनमोहन को पत्र लिखकर शिकायत की थी कि अमेरिका में एफबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलेमेन हेडली प्रकरण में उनके बेटे के नाम को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
भट्ट ने बताया कि मुझे अत्यंत खुशी है कि प्रधानमंत्री ने मेरे पत्र का सकारात्मक जवाब दे दिया। अब मुझे विश्वास है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से यह पत्र आज मिला, जो उनके निजी सहायक जयदीप सरकार द्वारा भेजा गया है। इसमें सरकार ने लिखा है कि प्रधानमंत्री ने मुझे बताया है कि आपका पत्र प्राप्त हो गया है और गृह मंत्रालय से मामले को देखने के लिए कहा जा रहा है।
भट्ट ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में आरोप लगाया था कि डेविड कोलमेन हेडली प्रकरण की जाँच कर रहे अधिकारियों ने राहुल के बारे में चुनिंदा सूचना लीक कर दी जिसमें उनके बेटे को गलत तरीके से पेश किया गया।