तिब्बत के निर्वासित आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में खुद को ‘निराश और आलसी प्रोफेसर’ कहकर लोगों को खिलखिलाकर हँसने पर मजबूर कर दिया।
दलाई लामा ने विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा आध्यात्मिक नेता का परिचय प्रमुख संस्थानों के सबसे पसंदीदा अतिथि प्रोफेसर के रूप में कराए जाने पर यह टिप्पणी की।
दलाई लामा ने कहा कि मैं यहाँ एक अवैतनिक प्रोफेसर हूँ, लेकिन वास्तव में मैं एक निराश प्रोफेसर हूँ क्योंकि पहला तो मुझे इस काम के लिए समय नहीं मिलता और दूसरा मैं बहुत आलसी भी हूँ। आध्यात्मिक नेता तिब्बत के इतिहास और संस्कृति पर आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन के समापन सत्र को सम्बोधित कर रहे थे। इस सम्मेलन में 17 देशों के विद्वानों और छात्रों ने हिस्सा लिया। (भाषा)