केरल पुलिस ने शनिवार को कहा कि भारत पर आतंकी हमलों के सिलसिले में एफबीआई द्वारा गिरफ्तार संदिग्ध आतंकवादी तहव्वुर राणा नवंबर वर्ष 2008 में यहाँ के एक होटल में दो दिन के लिए ठहरा था।
पुलिस महानिदेशक जैकब पुन्नोसी ने कहा कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि अमेरिकी नागरिक डेविड हेडली केरल आया था। हमारे पास इस बात पर विश्वास करने की वजह है कि जो व्यक्ति होटल में ठहरा था, वह राणा था।
पुलिस की छानबीन से पता चला है कि राणा बीते साल 16 नवंबर को एक महिला के साथ कोच्चि आया था और अगले दिन मुंबई रवाना हो गया था।
पुन्नोसी ने कहा कि उसका पासपोर्ट और अन्य आव्रजन रिकॉर्ड इस दिशा में इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि राणा की यात्रा के मकसद की जाँच पड़ताल जारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस जो भी सूचना जुटा रही है, उसे नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी को सौंपा जा रहा है। (भाषा)