मुंबई हमलों की पहली बरसी से चंद दिन पहले सरकार ने सभी टेलीविजन चैनलों को परामर्श जारी कर उनसे इन हमलों से जुड़े मुकदमों की जाँच जारी होने के मद्देनजर संबंधित कार्यक्रमों में संतुलित रिपोर्टिंग करने का आग्रह किया है।
पिछले साल 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों की पहली बरसी पर इस वारदात के सिलसिले में विशेष कार्यक्रम, समाचार, टॉक शो और साक्षात्कार प्रसारित किए जाने की संभावना को देखते हुए यह परामर्श जारी किया गया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा सभी टेलीविजन चैनलों को जारी परामर्श में कहा गया है कि चूँकि मुंबई हमलों के सिलसिले में जाँच और न्यायिक कार्यवाही अब भी जारी है इसलिए इस वारदात की बरसी पर इससे संबंधित किसी भी कार्यक्रम में संतुलित और जिम्मेदारी भरा कवरेज सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है।
मंत्रालय ने मीडिया से कहा है कि वह हमले के विचलित कर देने वाले दृश्यों को बार-बार दिखाने से परहेज करे क्योंकि ऐसे दृश्यों से उस दर्दनाक वारदात की बुरी यादें ताजा हो सकती हैं। (भाषा)