आडवाणी से मिले अमरसिंह

नई दिल्ली, शुक्रवार, 20 नवंबर 2009( 21:17 IST )
दिल्ली में गन्ना किसानों के सरकार विरोधी प्रदर्शन में भाजपा का साथ देने के बाद शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेता अमरसिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की और कहा कि सांप्रदायिक मुद्दों को छोड़कर दोनों पार्टियों में अनेक मुद्दों पर सहमति है।
अमरसिंह आज सुबह लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी से मिले और बाबरी मस्जिद ढहाने और गन्ना मूल्य सहित अनेक मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
समाजवादी पार्टी इस समय कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग को बाहर से समर्थन दे रही है। सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी में और भाजपा में अनेक मुद्दों पर सहमति है तथा दोनों इन पर एक साथ काम कर सकती हैं।
सिंह ने बाद में संसद के बाहर संवाददाताओं को बताया कि जहाँ तक सांप्रदायिक मुद्दों की बात है उस पर भाजपा और सपा दोनों की अलग-अलग राय है, लेकिन अनेक मुद्दों जैसे चीन की भारतीय सीमा में घुसपैठ, ब्रह्मपुत्र नदी की धारा को मोड़ना या चीन द्वारा बाँध बनाना या प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह द्वारा अपने प्रिय मित्र (अमेरिकी राष्ट्रपति) बारक ओबामा को द्विपक्षीय मामलों में हस्तक्षेप करने का अधिकार देने और आतंरिक सुरक्षा के मामलों में हमारी दोनों पार्टियों की समान राय है।
सपा नेता ने कहा कि उन्होंने बातचीत के दौरान इन बातों से आडवाणी को अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि आडवाणी उनकी इस बात पर भी सहमत थे कि बाबरी मस्जिद ढहाने के मामले की सुनवाई तेजी से होनी चाहिए, पिछले 17 सालों से यह मामला लंबित पड़ा हुआ है। (भाषा)