पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को आज अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जाएगी, वहीं दूसरी ओर आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी काले धन के मामले में उनसे पूछताछ के लिए उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
अब्दुल रज्जाक वीवर्स मेमोरियल अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी जावेद अख्तर ने कहा कि अस्पताल से कोड़ा की छुट्टी के बारे में डॉक्टर कल या परसों फैसला लेंगे। कोड़ा के अस्पताल से आज छुट्टी मिलने के बारे में अख्तर सवालों का जवाब दे रहे थे।
उल्लेखनीय है कि करीब दो हजार करोड़ रुपए के अवैध निवेश और कथित हवाला लेन-देन मामले में आयकर विभाग के अधिकारियों ने कोड़ा के घर पर छापे मारे थे। इसके तीन दिन बाद यानी तीन नवंबर को कोड़ा पेट दर्द की शिकायत करते हुए अस्पताल में भर्ती हुए थे।
प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल को निर्देश दिया है कि कोड़ा को अस्पताल से छुट्टी देने के पहले उन्हें इस बारे में सूचित करे। इस मामले में कोड़ा के एक नजदीकी सहयोगी विकास सिन्हा को कल गिरफ्तार कर लिया गया। (भाषा)