सात राज्यों में लोकसभा की एक और विधानसभा की 31 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में दोपहर तक लगभग 20 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। सुरक्षा बल और अर्द्धसैनिक बल चुनाव वाले क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।
FILE
उत्तरप्रदेश में लोकसभा की एक तथा विधानसभा की 11 सीटों पर हो रहे मतदान में दोपहर 12 बजे तक लगभग 19.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर दोपहर 12 बजे तक 27 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी सिने स्टार राजबब्बर और सपा की डिम्पल यादव सहित 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
सूत्रों ने बताया कि दोपहर तक सबसे अधिक मतदान 26 प्रतिशत पुवैया विधानसभा सीट पर हुआ, जबकि सबसे कम 13 प्रतिशत मतदान लखनऊ पश्चिम विधानसभा सीट पर हुआ। पडरौना विधानसभा सीट पर 22 प्रतिशत मतदान हुआ। (भाषा)