असंतोष का सामना कर रहे कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को बेंगलुरु लौटने की अपनी योजना बदल दी है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें एक दिन और राष्ट्रीय राजधानी में बने रहने को कहा है।
येदियुरप्पा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से भेंट के बाद कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने समस्या के निदान के लिए मुझे अभी 24 घंटे और यहीं रहने को कहा है। इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष राजनाथसिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और एम वेंकैया नायडू भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री बने रहेंगे : येदियुरप्पा ने कहा कि असंतुष्ट विधायकों की अगुवाई कर रहे रेड्डी बंधुओं की कुछ माँगे मानने को राजी हो गए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा आला कमान ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वे मुख्यमंत्री बने रहेंगे। येदियुरप्पा ने कहा कि रेड्डी बंधुओं के हितों के तहत ही मैंने बालीगर का तबादला किया है। मैं अन्य बातों को भी मानने को तैयार हूँ।
कुमारस्वामी की येदियुरप्पा को चुनौती : जद एस नेता एचडी कुमारस्वामी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री वीएस येदियुरप्पा को नया जनादेश प्राप्त करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री सोचते हैं कि उन्हें जनता का विश्वास है तो वे नया जनादेश प्राप्त करें। (भाषा)