केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पाकिस्तान के शासकों ने अपने देश को ‘आतंकवाद का केंद्र’ बना लिया है और पड़ोसी राष्ट्र में वर्तमान संकट इसकी सेना एवं अनेक सरकारों की गलत नीतियों का नतीजा है।
FILE
आजाद ने कहा कि पाकिस्तानी शासकों ने दो दशक पहले फ्रेंकेनस्टीन का दैत्य बनाया था और अपने देश को आतंकवाद का केंद्र बना लिया। अब वे इसी दानव का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कारगिल संघर्ष के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित ‘शहीदी दिवस’ कार्यक्रम में कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवादी हमलों को बढ़ावा दिया है और वहाँ जो भी हो रहा है वह उनकी सेना और शासकों की गलत नीतियों का प्रत्यक्ष नतीजा है।
मंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर के सामाजिक धार्मिक तानेबाने को क्षतिग्रस्त करने के लिए और घुसपैठ के लिए सीमापार सत्ताधारियों की तरफ से आतंकवादियों का उत्साह बढ़ाया जा रहा है। (भाषा)