नई दिल्ली (भाषा), मंगलवार, 3 नवंबर 2009( 20:40 IST )
करीब दो वर्ष की जाँच के बाद केन्द्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) ने सेना के एक पूर्व मेजर जनरल और उनकी पत्नी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में चार्जशीट दायर कर दी।
सीबीआई ने पटियाला हाउस अदालत में विशेष सीबीआई जज के समक्ष पूर्व मेजर जनरल आनंद कुमार कपूर और उनकी पत्नी मृदुला के खिलाफ कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति जमा करने के मामले में चार्जशीट दायर की। कपूर और उनकी पत्नी पर करीब तीन करोड़ 37 लाख रुपए की संपत्ति जमा करने का आरोप है, जो उनकी आय से कहीं ज्यादा है।
मेजर जनरल कपूर के आवास और उनके 11 अन्य ठिकानों पर जब सीबीआई ने 10 अक्टूबर 2007 को छापेमारी की थी उस वक्त वह जयपुर स्थित दक्षिण पश्चिम कमान के तहत सेना आयुध कोर में पदस्थ थे। कपूर के आवास के अलावा जिन 11 स्थानों पर छापे मारे गए थे, उनमें दिल्ली, गुड़गाँव, शिमला और मुंबई भी शामिल थे।
सीबीआई ने एक बयान में कहा है कि जाँच के दौरान पाया गया कि एक लोक सेवक की हैसियत से काम करते हुए मेजर जनरल कपूर ने अपने ज्ञात स्रोतों से कहीं ज्यादा संपत्ति अर्जित की।
बयान में कहा गया है कि कपूर ने संपत्ति को या तो अपने नाम पर रखा है या फिर ‘हिन्दू अनडिवाइडेड फैमिली’ के नाम पर जमा किया है। उन्होंने अपनी कुछ संपत्ति अपनी पत्नी और दो बच्चों के नाम पर भी जमा की है, जबकि इनकी आय के स्रोत का कुछ पता नहीं है।