बीजिंग (भाषा) , मंगलवार, 3 नवंबर 2009( 19:37 IST )
FILE
चीन ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा पर मंगलवार को ताजा हमला किया और उनकी भारत यात्रा को एक ‘अलगाववादी’ गतिविधि तथा चीन विरोधी कदम बताते हुए भारत की आलोचना की।
दलाई लामा अभी जापान में हैं और आठ नवंबर को उनका अरूणाचल प्रदेश स्थित तवांग मठ जाने का कार्यक्रम है। अपनी इस यात्रा को उन्होंने आध्यात्म कार्य से जुड़ी यात्रा बताया है न कि राजनीतिक यात्रा।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मा झाउसु ने कहा कि हमने अपनी गंभीर चिंता प्रकट की है। हम मानते हैं कि दलाई लामा के इस कदम ने उन्हें एक बार फिर से चीन विरोधी दिखाया है।
उन्होंने कहा कि हम सीमाई इलाकों में दलाई लामा की यात्रा की दृढ़ता से विरोध करते हैं। यह एक अलगाववादी गतिविधि है। झाउसु का यह बयान दलाई लामा की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि तवांग मठ की उनकी यात्रा की चीन की ओर से की गई आलोचना से वह आश्चर्यचकित और दुखी हैं।