नई दिल्ली (भाषा) , सोमवार, 2 नवंबर 2009( 23:09 IST )
आयकर विभाग ने हवाला लेनदेन और अवैध निवेश मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और उनके सहयोगियों की संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई और उनके परिसरों के आसपास लोगों के आने जाने पर रोक लगा दी है।
कर अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई इसलिए करनी पड़ी है क्योंकि कुछ स्थानों पर संपत्ति के मालिक नहीं मिल सके।
अधिकारियों के अनुसार छापों के दौरान कुछ नकदी भी बरामद हुई है। कोड़ा के खिलाफ तलाशी का काम शनिवार को शुरू हुआ और देश भर में अबतक 70 परिसरों की तलाशी ली जा चुकी है।
अधिकारियों ने कल कहा था कि तलाशी के समय कोड़ा से पूछताछ नहीं की गयी। उनसे बाद में पूछताछ की जाएगी क्योंकि छापों में बड़ी संख्या में दस्तावेज प्राप्त हुए हैं और उनको भी देखा जाना है।
आयकर विभाग ने दावा किया है कि दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, लखनऊ, नासिक, रांची, चाईबासा और जमशेदपुर में तलाशी के दौरान उन्हें 2,000 करोड़ रुपए हवाला सौदों और अवैध निवेश के सबूत मिले हैं।