नई दिल्ली (भाषा) , सोमवार, 2 नवंबर 2009( 18:20 IST )
दर्शकों को अब तक तीन फिल्में दे चुके अभिनेता रणबीर कपूर खुद को‘स्वार्थी और महत्वाकांक्षी' कहते हैं।
बॉलीवुड की 75 साल पुरानी कपूर विरासत से जुड़े इस कलाकार को लगता है कि वह अभी भी नौसिखिआ है।
युवा दिलों की धड़कन रणवीर खुद को केवल अभिनय तक ही सीमित नहीं रखना चाहते। 27 वर्षीय रणबीर कहते हैं कि उन्हें अपने सपनों को सच करने के लिए लंबा सफर तय करना होगा।
रणबीर कहते हैं कि अपने दादा राज कपूर की तरह वह फिल्म निर्माण की हर एक विधा से परिचित होना चाहते हैं।
रणबीर ने कहा‘मैं स्वार्थी और महत्वाकांक्षी हूँ। आज मेरे पास जो कुछ भी है, वह उसका दस फीसदी भी नहीं है जो मैं हासिल करना चाहता हूँ। फिल्मों के लिए मेरी दीवानगी की कोई सीमा नहीं है। प्रत्येक सफलता को मैं पर्याप्त नहीं मानता क्योंकि मेरे सपने भी कम नहीं हैं।’
वर्ष 2007 में संजय लीला भंसाली की‘सांवरिया’ से बॉलीवुड में शुरूआत करने वाले रणबीर ने कहा‘मैंने अब तक केवल तीन फिल्में की हैं लेकिन ऐसा लगता है जैसे मैं इस इंडस्ट्री में तब से हूँ जब से मेरा जन्म हुआ है। अभिनेता बनने के लिए मैंने 24 साल इंतजार किया। आज मैं जहाँ हूँ, उसे लेकर बहुत खुश हूँ।'
रणबीर ने कहा ‘मुझे सब कुछ रोमांचक लगता है। मैं खुद को नौसिखिआ महसूस करता हूँ। कई चरित्र निभाने के लिए हैं, मेरे पास अपनी ट्रेलर वैन है और लोग मुझसे ऑटोग्राफ माँगते हैं।’तीसरी फिल्म‘वेक अप सिड’की सफलता से रणबीर खुश हैं लेकिन वह यह भी कहते हैं कि अब वे आगे बढ़ चुके हैं।
वह कहते हैं ‘फिल्म को सफलता और सराहना मिलने पर अभिनेता होने के नाते मैं खुश हूँ। लेकिन अब मेरे पास एक अन्य फिल्म है। मेरे लिये यह गंतव्य से अधिक यात्रा के बारे में है। मैं पूरी फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को पसंद करता हूँ।’
रणबीर छह नवंबर को रिलीज होने जा रही राजकुमार संतोषी की फिल्म‘अजब प्रेम की गजब कहानी’में नजर आएँगे। 1994 मे संतोषी ने कॉमेडी फिल्म‘अंदाज अपना अपना’बनाई थी जिसके बाद अब उनकी वापसी हो रही है।
फिल्म में रणबीर ने‘प्रेम शंकर शर्मा’की भूमिका निभाई जो जो एक ईसाई लड़की (कैटरीना) से प्यार करता है।
रणबीर ने बताया‘यह मेरी पहली कमर्शियल मनोरंजक फिल्म है और कॉमेडी में मेरा पहला प्रयास भी। अन्य फिल्मों की तुलना में इसके दर्शक अधिक होंगे इसलिए मैं थोड़ा नर्वस हूँ।’अपनी विरासत को गंभीरता से लेने वाले रणबीर को किसी के साथ तुलना पसंद नहीं है।