नई दिल्ली (भाषा), बुधवार, 28 अक्टूबर 2009( 17:59 IST )
PIB
चुनाव आयोग ने प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री व्यालार रवि को कन्नूर में एक जनसभा में कुछ लुभावनी योजनाओं की कथित तौर पर घोषणा करने के लिए नोटिस जारी किया है। कन्नूर में सात नवंबर को विधानसभा उपचुनाव होना है।
आयोग के सूत्रों ने बताया कि रवि को आचार संहिता के कथित उल्लंघन के आरोप में मंगलवार को नोटिस जारी किया गया और उनसे 48 घंटे में जवाब माँगा गया है।
रवि ने 16 अक्टूबर को एक चुनावी सभा में निर्मलागिरी कॉलेज में खेल सुविधाओं के लिए पाँच लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा की थी और यूनियन ऑफ यूरोपियन नेशन्स के लिए युवकों की भर्ती करने का वादा किया था। केरल में माकपा नीत एलडीएफ ने इस संबंध में आयोग के समक्ष रवि के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।