नई दिल्ली (भाषा) , शनिवार, 29 अगस्त 2009( 16:53 IST )
भारतीय राजनीति में कांग्रेस के लंबे योगदान की ओर ध्यान दिलाते हुए विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने कहा कि वह कांग्रेस के गोद लिए हुए बच्चे हैं और अभी राजनीति के गुर सीख रहे हैं।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने शुक्रवार की रात कहा कि वह कांग्रेस में काफी सोच विचार कर आए। उन्होंने महसूस किया कि भारत की विविधताओं में अगर कोई पार्टी पूरे देश को साथ लेकर चलने की बात करती है तो वह कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है।
छात्रों से खचाखच भरे कोएना हॉल में उन्होंने कहा कि वह राजनयिक थे। उनके लिए देश में आकर सक्रिय राजनीति में भाग लेना एक मुश्किल काम था लेकिन उन्होंने यह कठिन फैसला लिया।
भारतीय राजनीति की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ संकीर्ण राजनीति करने वाली भाजपा है, दूसरी ओर वाम दल हैं जिन्होंने विदेशी विचारधारा को गले लगा रखा है ।
वाम मोर्चा को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि वाम दल किसी भी बदलाव और विकास का विरोध करते हैं। वह गरीबों को गरीब रखकर राजनीति करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में न्यूनतम मजदूरी दर सबसे कम है।