नई दिल्ली (भाषा) , शुक्रवार, 21 अगस्त 2009( 22:02 IST )
भारत ने मुंबई पर आतंकी हमले के संबंध में पाकिस्तानी उच्चायुक्त शाहिद मलिक को ‘अतिरिक्त जानकारी’ उपलब्ध कराई। पाकिस्तान को 26/11 हमले के संबंध में यह अतिरिक्त जानकारी पाक उच्चायुक्त शाहिद मलिक और भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव के बीच मुलाकात के दौरान उपलब्ध कराई गई।
मलिक के अनुरोध पर हुई इस बैठक के दौरान राव ने पाक उच्चायुक्त को 26/11 आतंकी हमले के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं और आरोपियों से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी मुहैया कराया।
भारत एक तरफ जहाँ यह बात कहता रहा है कि उसने 26/11 आतंकी हमले के संबंध में मुख्य आरोपी जमात उद दावा प्रमुख हाफिज सईद पर मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध करा दिया है, वहीं पाकिस्तान का दावा है कि उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर मुकदमा नहीं चलाया जा सकता है।
भारत ने मुंबई पर आतंकी हमले के संबंध में आतंकी संदिग्धों और संचार सामग्री समेत अन्य सहायक स्रोतों के बारे में पाकिस्तान को अब तक चार डोजियर उपलब्ध कराए हैं। इसमें आतंकी हमले के एकमात्र जीवित आतंकवादी अजमल कसाब तथा अन्य से जुड़े प्रश्नों के उत्तर भी शामिल हैं।
मलिक और निरूपमा राव की मुलाकात उस समय हो रही है जब एक दिन पहले ही पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा था कि नई भारतीय विदेश सचिव को बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है। बहरहाल, इस पर भारत ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्ति की है।