रेल मंत्री ममता बनर्जी ने अब मदरसा, उच्च मदरसा तथा सीनियर मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी घर से मदरसों तक जाने के लिए द्वितीय श्रेणी में नि:शुल्क मासिक सीजन टिकट देने की शुक्रवार को घोषणा की। अब तक यह सुविधा 12वीं तक के सामान्य स्कूल के बच्चों को मिला करती थी।
रेल मंत्री ने लोकसभा में 2009-10 का रेल बजट पेश करते हुए कहा,‘विद्यार्थी हमारा गौरव हैं। बालिकाओं के लिए स्नातक स्तर तक तथा बालकों के लिए 12वीं स्तर तक स्कूल से घर के बीच द्वितीय श्रेणी में यात्रा के लिए नि:शुल्क मासिक सीजन टिकट अब मदरसा,उच्च मदरसा और सीनियर मदरसा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी दी जाएँगी ।’
उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा, मदरसा, उच्च मदरसा तथा सीनियर मदरसा तक स्कूल में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रियायती मासिक सीजन टिकट अब मेट्रो रेल कोलकाता में भी यात्रा के लिए मान्य होंगे।
ममता ने अन्य शहरों की मेट्रो रेल से भी अपील की कि वे भी ऐसी रियायतें विद्यार्थियों को दें। रेल मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए मेट्रो किराये में 60 प्रतिशत की रियायत लागू होगी। मान्यता प्राप्त वोकेशनल संस्थान में जाने वाले विद्यार्थियों को भी मेट्रो किराये में रियायत दी जाएगी। |