रेल मंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि टक्कररोधी उपकरणों के रेलवे में विस्तार के लिए इस परियोजना के कार्यान्वयन की समीक्षा की जाएगी।
रेल मंत्री ने लोकसभा में 2009-10 का रेल बजट पेश करते हुए कहा,‘पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के 1736 किलोमीटर मार्ग पर गाड़ी टक्कर की घटनाओं को रोकने के लिए टक्कर रोधी उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।’
उन्होंने कहा कि इसके अलावा तीन रेलों तथा दक्षिण रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे तथा दक्षिण पश्चिम रेलवे पर 1700 मार्ग किलोमीटर पर इस प्रणाली के विस्तार का काम दो वर्ष में पूरा किए जाने की योजना है।
ममता ने कहा कि अन्य रेलों पर इसके विस्तार से पहले वह इस परियोजना के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगी।
ममता ने कहा कि 2009-10 के लिए 3500 किलोमीटर रूट का नवीकरण किया जाएगा। 66,565 किलोमीटर बड़ी लाइन में से 57,345 किलोमीटर रूट को यंत्रीकृत अनुरक्षण के तहत लाया गया है।
उन्होंने कहा कि संरक्षा पहली प्राथमिकता है,जिसमें समय पर रेलपथ नवीकरण, सिग्नलों का आधुनिकीकरण, विभिन्न संरक्षा उपकरण जैसे डिजिटल अल्ट्रासोनिक फ्ला डिटेक्टिंग मशीनें तथा व्हील इम्पैक्ट लोड डिटेक्टर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि योजनावधि के पहले दो वर्ष में 7843 किलोमीटर रेलपथ नवीकरण का कार्य पूरा किया गया है। |