भारतीय रेल चालू वित्त वर्ष के दौरान 5479 करोड़ रुपए का उच्च लाभांश भुगतान करेगी। हालाँकि उसके नकद सरप्लस में 3000 करोड़ रुपए से अधिक की गिरावट आई है।
रेलमंत्री ममता बनर्जी ने बजट पेश करते हुए कहा कि रेलवे ने 2008-09 में लाभांश की पूर्ण देनदारी के रूप में 4717 करोड़ रुपए का भुगतान किया और 2009-10 में वह और अधिक यानी 5479 करोड़ रुपए का लाभांश भुगतान करेगी।
आर्थिक मंदी के कारण आय में कमी और छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने के कारण पड़े बोझ के बावजूद रेलवे अधिक लाभांश का भुगतान करेगी।
चालू वित्त वर्ष के दौरान रेलवे का नकद सरप्लस गिरकर 14201 करोड़ रुपए रहने की उम्मीद है, जो पूर्व वर्ष में 17400 करोड़ रुपए था। साल के दौरान वेतन के मद में अधिक बिल के कारण ऐसा हुआ है।
ममता के मुताबिक रेलवे ने 2008-09 के दौरान छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने के कारण वेतन और भत्तों के मद में 13600 करोड़ रुपए का भुगतान किया।
उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के दौरान छठे वेतन आयोग के प्रभाव को झेल लेने के बाद लाभांश पूर्व का नकद सरप्लस 14201 करोड़ रुपए है, शुद्ध आय 8121 करोड़ रुपए और परिचालन अनुपात 9.25 प्रतिशत है।
|