देश में सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाले उद्योगों में से एक भारतीय रेल ने चालू वित्त वर्ष के दौरान 40745 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव किया है। पूर्व वर्ष का निवेश 36773 करोड़ रुपए था।
इस निवेश में से रेलवे अनुसंधान पर 12393 करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा, जबकि सड़क सुरक्षा कार्य (सड़क, ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज) पर 5135 करोड़ रूपये खर्च होंगे।
रेलमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पेश रेल बजट के मुताबिक रेलवे ने गेज परिवर्तन पर 1906 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव किया है। मशीनरी और संयंत्रों पर 1797 करोड़ रुपए खर्च किए जाएँगे।
खराब लाइनों के नवीकरण पर 2054 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव है। नई लाइनों के निर्माण पर 2921.70 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है।
रेलवे ने अपने यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए 1526 करोड़ रुपए की व्यवस्था की है। चालू वित्त वर्ष के दौरान रेलवे को 8121 करोड़ रुपए की आय का अनुमान है, जो पूर्व वित्त वर्ष के दौरान 11066 करोड़ रुपए था। कुल खर्च 82504 करोड़ रुपए का होगा, जबकि प्राप्तियाँ 90626 करोड़ रुपए की होंगी। |