रेलमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि रेल बजट बनाने और उसे संसद में पेश करने के लिए उन्हें बहुत ही कम समय मिला, इसके बावजूद उन्होंने रेलवे के महत्वपूर्ण पहलुओं को इसमें शामिल करने का पूरा प्रयास किया।
ममता ने भारतीय रेल को ऊँचे दर्जे की क्षमता और प्रभावशाली, मजबूत, जवाबदेह और गतिशील संगठन बनाने का इरादा जताते हुए घोषणा की कि आने वाले वर्षों में वे रेलवे के लिए एक उचित नीति और योजना बनाएँगी।
ममता ने बजट पेश करते हुए कहा कि चुनाव का साल होने के कारण इस बार रेल बजट बनाने और उसे पेश करने के लिए बहुत ही कम समय मिला है। फिर भी मैंने इस थोड़े से समय में रेलवे के महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल करने की पूरी कोशिश की है।
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की जुझारू नेता ममता ने यात्री सुविधाएँ, साफ-सफाई, खानपान की गुणवत्ता, सुरक्षा तथा समय पालन को अपनी प्राथमिकताएँ बताते हुए यह भी विश्वास दिलाया कि रेलवे के पिछले पाँच वर्षों के कामकाज के आधार पर वे एक श्वेत-पत्र तैयार करेंगी जिसमें इसकी मौजूदा संगठनात्मक, परिचालन और वित्तीय हालात का ब्योरा होगा।
उन्होंने कहा कि हमारा यह प्रयास रहेगा कि हम सभी वाणिज्यिक सेवाएँ मानवीयता को बरकरार रखते हुए जारी रखें। |