रेलमंत्री ममता बनर्जी ने स्टेशनों पर बहुउद्देश्यीय परिसरों के निर्माण का आज ऐलान किया। इन परिसरों में खरीदारी की दुकानें, भोजन के स्टाल और रेस्तरां, बुक स्टाल, पीसीओ, एसटीडी, दवा स्टोर, बजट होटल और भूमिगत पार्किग की सुविधा होगी।
रेलमंत्री ने लोकसभा में 2009-10 का रेल बजट पेश करते हुए कहा कि इन परिसरों को देश के विभिन्न भागों में इस वर्ष 50 रेलवे स्टेशनों पर विकसित करने का प्रस्ताव है।
उन्होंने कहा कि ये स्टेशन तीर्थ, उद्योग और परिवहन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जगहों पर होंगे और इन सुविधाओं के विकास की जिम्मेदारी इरकान तथा रेल भूमि विकास प्राधिकार को सौंपी जाएगी।
अलीपुरद्वार, इलाहाबाद, आनंदपुर साहिब, बांसपानी, बीकानेर, बिलासपुर, कटक, दार्जिलिंग, देहरादून, दिग्घा, दुर्ग, एर्णाकुलम, गाँधीधाम, गंगासागर, घाटशिला, ग्वालियर, हुजूर साहिब, हुबली, हैदराबाद, इंदौर, जबलपुर, जम्मूतवी, जसीडीह, झाँसी, जोधपुर, कन्याकुमारी, काठगोदाम, कटरा, खजुराहो, मदुरै, मनमाड, मैसूर, नांडेड़, नासिक, पालक्कड, पारसनाथ, रायबरेली, रायपुर, राजगीर, रामेश्वर, रांची, शिरडी, सिल्चर, तारापीठ, तिरुचिरापल्ली, उदयपुर, उज्जैन, वडोदरा और विशाखापटटनम आदि स्टेशनों पर इन परिसरों का निर्माण किया जाएगा। |