देश में इंफ्लूएंजा-ए एन1एच1 यानी स्वाइन फ्लू का प्रकोप जारी है। गुरुवार शाम तक चार नए मामलों की पुष्टि होने के साथ ही इस तरह के मामलों की संख्या बढ़कर 116 हो गई। इनमें 80 रोगियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आज पुणे, बेंगलुरु, कोच्चि और गुडगाँव में एक-एक स्वाइन फ्लू मामलों की शाम तक पुष्टि होने के साथ ही इस तरह के मामलों की संख्या बढ़कर 116 हो गई, जिनमें 80 रोगियों को अस्पताल से छृट्टी दे दी गई है। अब तक कुल 793 नमूनों की जाँच की गई थी।
इस रोग के आज जिन चार मामलों की पुष्टि हुई है, उनमें गुडगाँव में एक 6 साल की लड़की का मामला शामिल है, जो अमेरिका से 27 जून को दिल्ली पहुँची थी। दूसरा मामला बेंगलुरु का है, इसमें एक चार साल की एक लड़की शामिल है, जो अमेरिका से सिंगापुर होती हुई 30 जून को बेंगलुरु पहुँची थी।
तीसरा मामला पुणे का है, जिसमें एक 34 साल की महिला अमेरिका से हांगकांग होती हुई 27 जून को मुंबई पहुँची थी। चौथा मामला कोच्चि में सामने आया, जिसमें एक 69 साल की महिला टोरंटो से 29 जून को कोच्चि पहुँची थी।
देश में अब तक स्वाइन फ्लू के 793 संदिग्ध रोगियों की जाँच की गई है, जिसमें में 116 मामलों की प्रयोगशालाओं में जाँच के दौरान पुष्टि हो गई है।
देश के चुने हुए 22 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में आज 49 हजार 073 यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें 35 हजार 85 यात्री प्रभावित देशों से आए थे। |