भारत ने बुधवार को स्पष्ट रूप से कहा कि वह पाकिस्तान के साथ बातचीत करने से नहीं डरता है, लेकिन वह अपेक्षा करता है कि मुंबई में आतंकवादी हमलों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों के खिलाफ पाकिस्तान 'ठोस’ और ‘दृश्यमान’ कदम उठाए।
उसने यह भी कहा कि पड़ोसी उसे इस बात से आश्वस्त कराए कि भारत में मुंबई हमलों जैसी घटना दोबारा नहीं होगी। विदेशमंत्री एसएम कृष्णा ने कहा कि पिछले साल 26 नवंबर के आतंकवादी हमलों में शामिल लोगों के खिलाफ पाकिस्तान ने क्या कदम उठाए हैं यह जानने के लिए भारत अभी भी इंतजार कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते इटली में कृष्णा और पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बीच मुलाकात हुई थी।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के विदेश सचिवों के बीच बातचीत के लिए तिथि और स्थान तय करने के लिए काम हो रहा है जैसा कि प्रधानमंत्री और पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने निर्देश दिया है।
भारत के खिलाफ आतंकी कार्रवाई के संबंध में पाकिस्तान ने जो कदम उठाए हैं, उसकी जानकारी के लिए दोनों देशों के विदेश सचिवों की यह बैठक होनी है। |