पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी के सुझाव को दरकिनार करते हुए लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने कांग्रेस से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं पक्षपात नहीं करूँगी। मैं संवैधानिक पद की गरिमा बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।
लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद अपने निर्वाचन क्षेत्र का पहली बार दौरा कर रहीं मीरा ने कहा कि ऐसी कोई परिपाटी नहीं है कि लोकसभा अध्यक्ष को अपनी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए। मैं लोकसभा में कांग्रेस और अन्य पार्टी के साथ उसी निष्पक्षता से काम करूँगी।
चटर्जी ने एक निजी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में रविवार को सुझाव दिया था कि लोकसभा अध्यक्ष का पद ग्रहण कर रहे व्यक्ति के लिए बेहतर है कि वह अपने कार्यकाल के दौरान पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दे ताकि हितों का टकराव न हो।
हालाँकि सोमवार को सोमनाथ ने कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस से इस्तीफा देने की सलाह नहीं दी थी बल्कि सिर्फ यह कहा था कि कोई ऐसी परंपरा बनानी चाहिए जिससे इस पद पर आसीन होने वाले व्यक्ति किसी खराब अनुभव से बच सकें। |