वर्ष 1969-70 में काम की तलाश कर रहे अमिताभ बच्चन को एक बार एक निर्माता ने नाराज हो कर फिल्मिस्तान स्टूडियो से चले जाने के लिए कह दिया था। अमिताभ इस स्टूडियो में अभिनेता शशि कपूर के बुलाने पर गए थे।
देश-विदेशों में अपनी अभिनय कला का लोहा मनवा चुके मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने फिल्मिस्तान स्टूडियो से जुड़ी इस घटना का जिक्र अपने ब्लॉग में किया है।
उन्होंने हाल ही में मुंबई के फिल्मिस्तान स्टूडियो में निर्माता निर्देशक रामगोपाल वर्मा की फिल्म रन की शूटिंग पूरी की है। इसी स्टूडियो में अमिताभ को पुरानी घटना की याद आ गई।
उन्होंने लिखा है कि वर्ष 1969-70 के दौरान वे काम की तलाश में थे। तब वे एक सप्ताह तक प्रतिदिन चर्च गेट से ट्रेन में चढ़ते थे और गोरेगाँव में उतरते थे। वहाँ से स्टूडियो तक पैदल जाते थे। स्टूडियो के बाहर खड़े गार्ड उनसे बेहद रूखे स्वर में बात करते थे और फिर अमिताभ किसी निर्माता-निर्देशक से मिले बिना ही वापस लौट जाते थे।
बिग बी ने लिखा है कि एक बार किसी समारोह में उनकी मुलाकात अभिनेता शशि कपूर से हुई। शशि कपूर ने अमिताभ से उस जगह पर आने के लिए कहा जहाँ वे काम कर रहे थे। अमिताभ मान गए। उन्होंने लिखा है वह जगह फिल्मिस्तान स्टूडियो थी, जहाँ शशि काम कर रहे थे।
ब्लॉग में उन्होंने लिखा है जिस स्थान पर रन फिल्म की शूटिंग हुई, वह स्थान 1969-70 के दौरान रिकॉर्डिंग कक्ष था। शशि कपूर उस दौर के एक जाने-माने निर्देशक की फिल्म के लिए डबिंग कर रहे थे। मैं स्टूडियो के अंदर गया और रिकॉर्डिंग कक्ष के बाहर खड़ा हो गया। शशि कपूर का ध्यान आकृष्ट करने के लिए मैं वहाँ लगे छोटे से काँच से अंदर झाँकने लगा।
बिग बी ने लिखा है कि शशि कपूर ने तो उन्हें नहीं देखा, लेकिन निर्माता ने उन्हें देख लिया। बस फिर क्या था निर्माता ने तीखे शब्दों में अमिताभ को वहाँ से जाने के लिए कह दिया। उनके जेहन में आज भी वह घटना ताजा है। |