मुंबई हमलों में जीवित पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी मोहम्मद आमिर अजमल कसाब और दो अन्य पर 166 लोगों की हत्या का आरोप लगाते हुए अभियोजन पक्ष ने सोमवार को इन लोगों के खिलाफ 312 प्रस्तावित आरोपों की सूची सौंपी।
यहाँ निचली अदालत को प्रस्तावित आरोपों की सूची विशेष सरकारी वकील उज्ज्वल निकम द्वारा सौंपी गई। पाकिस्तानी नागरिक कसाब और भारतीय नागरिक फहीम अंसारी तथा सबाउद्दीन अहमद भादसं शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति क्षति नियंत्रण अधिनियम, रेलवे अधिनियम, सीमा शुल्क और विदेशी अधिनियम के तहत आरोपों का सामना कर रहे हैं।
आईपीसी के तहत इन लोगों पर षड्यंत्र रचने, भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने, हत्या, हत्या के प्रयास, लोगों को गंभीर रूप से घायल करने और आग लगाने जैसे आरोप हैं।
कसाब और नौ अन्य आतंकवादियों ने मुम्बई के महत्वपूर्ण स्थानों पर लोगों की हत्याएँ की, जबकि फहीम और सबाउद्दीन ने दिसंबर 2007 और नवम्बर 2008 के बीच षड्यंत्र रचे जाने के बाद नक्शे तैयार कर इन्हें पाकिस्तान में मौजूद लश्कर-ए-तोइबा के साजिशकर्ताओं को सौंप दिया। अदालत में विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम द्वारा दाखिल किए गए 166 पृष्ठों वाले आरोपों के मसौदे में 35 आरोपियों को वांछित के रूप में दर्शाया गया है। वांछित लोगों में लश्कर-ए-तोइबा के प्रमुख मोहम्मद सईद जकी उर रहमान लखवी और अबू हमजा शामिल हैं। |