भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने सकल घरेलू उत्पाद में कृषि की लगातार गिरती हिस्सेदारी पर गहरी चिंता जताते हुए मंगलवार को कहा कि सत्ता में आने पर राजग शासन कृषि में बड़े पैमाने पर निवेश करेगा।
चुनावों के नजदीक आने पर किसानों को लुभाने की कवायद में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की ओर से आयोजित किसान प्रतिनिधियों के साथ गोलमेज सम्मेलन में उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक समय तक शासन करने वाली कांग्रेस की गलत आर्थिक नीतियों के चलते ही आज देश की कृषि की यह दुर्दशा हुई है।
आडवाणी ने कहा कि देश में कृषि की सबसे बड़ी समस्या यह है कि एक ओर तो सकल घरेलू उत्पाद में उसकी हिस्सेदारी लगातार कम होती जा रही है, लेकिन दूसरी ओर इस पर आबादी की निर्भरता अभी भी 60 प्रतिशत से अधिक बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य स्थिति है और यदि चुनाव में विजयी हुए तो राजग सरकार भारतीय कृषि को पुनर्जीवित करने के लिए अत्यधिक दूरगामी उपाय करेगी।
उन्होंने कहा कि 1990 के दशक से कृषि में निवेश करने में जबरदस्त गिरावट आई है। हम बड़े पैमाने पर इसमें निवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार द्वारा घोषित किए गए कई राहत पैकेज बेअसर साबित हुए हैं और कांग्रेस शासित महाराष्ट्र तथा आंध्रप्रदेश में किसानों की आत्महत्या का सिलसिला जारी रहना इसका दुःखद संकेत है। |