मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय > फिल्मों में फिर वापसी करता अकॉर्डियन
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
फिल्मों में फिर वापसी करता अकॉर्डियन
हारमोनियम से मिलता-जुलता अकॉर्डियन कभी सदाबहार संगीत देने वाले नौशाद और शंकर-जयकिशन जैसे संगीतकारों का पसंदीदा साज हुआ करता था। एक दौर बीतने के बाद अकॉर्डियन की सुरीली धुन कम सुनी जाने लगी, पर एआर रहमान जैसे नए संगीतकारों ने इस वाद्य की वापसी की उम्मीदें जगा दी हैं।

वर्ष 1970 में आई फिल्म मेरा नाम जोकर के कुछ गानों की शुरुआत जिस धुन से की गई थी वह अकॉर्डियन से ही निकली थी। इस फिल्म के संगीतकार शंकर-जयकिशन ने कई फिल्मों में इस विदेशी साज से निकली सुरीली धुनों को गानों की शुरुआत और बीच में डाला और इसे लोकप्रिय बनाया। इससे पहले राज कपूर की ही वर्ष 1951 में आई फिल्म आवारा में भी इसी संगीतकार जोड़ी ने अकॉर्डियन को शामिल किया।

इसी तरह नौशाद का नाम भी ऐसे संगीतकारों में लिया जाता है जिन्होंने अकॉर्डियन, मेंडोलीन और सितार का फिल्मी गानों में इस्तेमाल किया।

फिल्मों में जैसे-जैसे शास्त्रीय संगीत और लोक संगीत पर आधारित गानों में कमी आती गई इस साज को भी भुलाया सा जाने लगा, पर हाल के वर्षों में नए संगीतकारों ने इसका बखूबी इस्तेमाल किया है और धुनों को लोकप्रिय बनाया है।

मसलन वर्ष 2007 में प्रदर्शित अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय अभिनीत फिल्म गुरु में संगीतकार एआर रहमान ने ऐ... हैरत...ए.. .आशिकी में अकॉर्डियन का बखूबी इस्तेमाल किया।

इसी तरह 2007 की झूम बराबर के शीर्षक गीतों में शंकर एहसान ने और 2008 में आई दसविदानिया के गाने मुस्कुरा में कैलाश खेर ने इस साज के स्वर शामिल किए। इसके बाद हालिया प्रदर्शित फिल्म रब ने बना दी जोड़ी के गाने होले-होले में भी अकॉर्डियन सुनाई देता है। इस फिल्म का संगीत सलीम सुलेमान ने दिया है।

राष्ट्रीय राजधानी स्थित संगीत अकादमी फ्लोरेंस के निदेशक रणजीत आहूजा ने कहा कि अकॉर्डियन हारमोनियम का ही पाश्चात्य स्वरूप है। इसकी धुन काफी मीठी होती है। लिहाजा गुजरे जमाने के संगीतकार अकसर इसका इस्तेमाल करते थे। नए संगीतकार भी अब इसे शामिल करने लगे हैं। इनमें रहमान जैसे संगीतकार सबसे आगे हैं। हाल ही में आए गीत होले-होले में भी अकॉर्डियन की धुन सुनाई देती है।

आहूजा ने कहा कि तकनीक ने किसी भी पाश्चात्य वाद्य तक संगीतकारों की पहुँच आसान बना दी है। अब फिल्मों में अकॉर्डियन की धुन शामिल की जाती है तो पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि यह कीबोर्ड से निकली आवाज है या सही में उसी साज का इस्तेमाल किया गया है, पर गायिका लता मंगेशकर के कई कार्यक्रमों में कीबोर्ड के स्थान पर अकॉर्डियन शामिल किया जाता है।

उन्होंने कहा राज कपूर अभिनीत कई फिल्मों में अकॉर्डियन बजाया गया। इस कारण अकॉर्डियन फिल्मों के उस क्लासिक दौर से भी जुड़ा हुआ है।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
कांग्रेस की निगाह अब प्रियंका पर
ऊर्जावान भविष्य की तैयारी करें-प्रणब
सितारा देवी और हजारिका को अकादमी रत्न
राकांपा ने किया शेखावत का समर्थन
मनमोहन के नाम पर कैम्ब्रिज में छात्रवृत्ति
बजाज हिन्दुस्तान में घोटाले की आशंका