प्रवासी भारतीयों से भारत में निवेश करने और इसकी जीवंत अर्थव्यवस्था से लाभ उठाने का आग्रह करते हुए राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने शुक्रवार को कहा कि यह मुंबई हमलों के षड्यंत्रकारियों को मुँहतोड़ जवाब होगा।
प्रतिभा ने यहाँ सातवें प्रवासी भारतीय दिवस में अपने समापन भाषण में कहा कि आर्थिक सुस्ती ने मौजूदा वैश्विक वित्तीय प्रणालियों की समीक्षा और उनमें सुधारात्मक उपाय करने का मौका उपलब्ध कराया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में निवेश करने का आपका निर्णय भी आतंकवादियों को मुँहतोड़ जवाब होगा जिन्होंने मुंबई पर हमला किया। इन हमलों की साजिश ऐसे समूहों ने रची जो प्रगतिशील समृद्ध और धर्मनिरपेक्ष भारत के दुश्मन हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक सुस्ती ने ऋण और बैंकिंग प्रणालियों के वित्तीय प्रबंधन पर बहस शुरू करा दी है। पाटिल ने कहा कि कई देशों में यह अब मंदी का परिदृश्य पैदा कर रहा है। इसकी हमारे क्षेत्र में भी प्रतिध्वनि सुनाई पड़ रही है। हमें चल रहे संकट से सबक लेने और वैश्विक अर्थव्यवस्था की विकास संभावनाओं को सुरक्षित रखने के उपाय करने की जरूरत है।
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था में आर्थिक विकास के पथ पर बने रहने की क्षमता और जीवंतता है। यह स्थिर विकासशील बाजार में निवेश करने का मौका प्रदान करता है। मैं देखना चाहूँगी कि प्रवासी भारतीय भारत की ओर से पेशकश किए जाने वाले विभिन्न आर्थिक अवसरों से लाभ उठाएँ। |