सरकार ने हड़ताली ट्रक ऑपरेटरों के प्रति और कड़ा रुख करते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम (एस्मा) के तहत उनकी धरपकड़ की कार्रवाई तेज करने तथा वाहनों को जब्त करने की चेतावनी दी है। सरकार ने कहा है कि वह आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने के लिए एक दो दिन में खुद 15 से 20 लाख वाहन चलवाने की योजना तैयार कर रही है। इसमें जब्त किए गए हड़ताली ट्रक भी शामिल होंगे। केंद्रीय परिवहन सचिव ब्रह्मदत्त ने कहा कि हम आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के लिए एक-दो दिन के अंदर ही 15-20 लाख वाहन चलवाने की तैयारी कर रहे हैं।
इसके लिए ट्रकों को जब्त करने के साथ साथ निजी वाहनों का भी प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ ट्रक ऑपरेटरों को एस्मा के तहत गिरफ्तार किया गया है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियाँ की जाएँगी। |