भारतीय तटरक्षकों ने अंडमान समुद्र में साठ बांग्लादेशी घुसपैठियों को धरदबोचा। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के तटरक्षक कमांडर एसपी शर्मा ने बताया कि लगभग साठ घुसपैठिये बांग्लादेश से मलेशिया जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तटरक्षक दल के हेलिकॉप्टर से गश्त कर रहे सतर्क जवानों ने उनकी नौका का पता लगा लिया।
तटरक्षक दल के जनसंपर्क अधिकारी कमांडेंट अक्षय जैन ने बताया कि नौका पर सवार लोगों ने कहा कि उनके पास भोजन की कमी है और वे छोटे रास्ते से जा रहे हैं लेकिन उनकी बात की जाँच की जा रही है।
शुरुआती जाँच से पता चला है कि इन भगोड़ों में कुछ म्याँमार के नागरिक भी शामिल हैं। शर्मा ने कहा कि इन लोगों की जाँच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक अन्य घटना में नौसेना ने 15 श्रीलंकाई मछुआरों को भारतीय सीमा में अवैध रूप से घुसने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों को मंडपम तट पर लाया गया है। इन मछुआरों का कहना है कि तेज हवा के कारण उनकी नौका गलती से भारतीय सीमा में प्रवेश कर गई थी। |