त्वचा की समस्या के कारण यहाँ सैन्य अस्पताल में इलाज करा रहे पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को एक-दो दिन में छुट्टी दी जा सकती है।
एक्जिमा के कारण मिसाइल वैज्ञानिक 77 वर्षीय कलाम को आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल (एएचआर एंड आर) में रविवार को भर्ती कराया गया था।
एएचआर एंड आर के कमांडेट लेफ्टिनेंट जनरल ओपी मैथ्यु ने बताया नियमित जाँच के लिए भर्ती कराए गए कलाम को शुक्रवार या शनिवार को छुट्टी दे दी जाएगी।
अस्पताल सूत्रों ने कहा कलाम चूँकि मधुमेह से पीड़ित हैं, अतः पिछले सप्ताह उनकी त्वचा में जलन बढ़ गई थी, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया।
सूत्रों ने बताया उनके इंसुलिन स्तर और पूरे स्वास्थ्य की जाँच की गई। त्वचा की समस्या बढ़ने में उनका मधुमेह जिम्मेदार था। इस बीच हैदराबाद से राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने पुष्प गुच्छ भेजकर उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। |