प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह गुरुवार से यहाँ शुरू हो रहे दो दिवसीय सातवें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह प्रवासी दिवस का उद्घाटन नंदमबक्कम कन्वेंशन सेंटर में करेंगे। कन्वेंशन सेंटर के चारों तरफ पिछले हफ्ते से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इंडियन मुजाहिदीन द्वारा कथित तौर पर धमकी भरा ई-मेल भेजे जाने के बाद अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं। इसके अलावा यहाँ के एयर इंडिया कार्यालय को मंगलवार को एक धमकी भरा पत्र मिला है।
पुलिस के अनुसार एयर इंडिया को भेजे पत्र में कहा गया है कि लश्करे तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और जमात उद दावा से संबंधित आतंकवादी चेन्नई में प्रवेश कर गए हैं और वे प्रवासी भारतीय दिवस को बाधित करेंगे।
इस दिवस का महत्व इस बात के चलते भी है, क्योंकि 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के बाद यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन है।
यह पहला मौका है, जब दिवस की मेजबानी चेन्नई करेगा। पहले इसका आयोजन दिल्ली में किया जाना था, लेकिन शहर के सुरक्षित वातावरण को देखते हुए इसे चेन्नई स्थानांतरित कर दिया गया। एक कारण यह भी था कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की दिवस को चेन्नई में करने में गहरी दिलचस्पी थी, क्योंकि इससे शहर में आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने में और मदद मिलेगी। |