पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत के सक्रिय राजनीति में लौटने और प्रधानमंत्री पद की उनकी दावेदारी को खारिज करते हुए भाजपा ने बुधवार को कहा कि आडवाणी प्रधानमंत्री पद के लिए हमारे निर्विवाद उम्मीदवार हैं और आगे भी रहेंगे। पूरा चुनावी अभियान उन्हीं के नेतृत्व में चल रहा है और चलेगा।
भाजपा मुख्यालय में मीडिया कार्यशाला का उद्घाटन करने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथसिंह ने कहा कि पार्टी की यह परंपरा रही है कि शीर्ष संवैधानिक पदों पर रह चुके व्यक्तियों को न सक्रिय राजनीति में लौटना चाहिए और न चुनाव लड़ना चाहिए।
सक्रिय राजनीति में लौटने की 86 वर्षीय शेखावत की इच्छा को मजाक में उड़ाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा जो लोग 'गंगा मइया में डुबकी लगा चुके हो वे कुएँ में नहीं नहाते'।
सिंह ने शेखावत के लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा को ठुकराते हुए कहा भाजपा और भारतीय राजनीति की यह परंपरा रही है कि जो उच्च संवैधानिक पद पर रह चुका हो, वह चुनाव नहीं लड़ सकता।
उन्होंने कहा शेखावत का हम सम्मान करते है। वे उपराष्ट्रपति रह चुके हैं और हमारे अभिभावक की तरह हैं। उल्लेखनीय है कि शेखावत ने कुछ दिन पहले यह घोषणा करके भाजपा में हलचल पैदा कर दी कि वे लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं।
यही नहीं भाजपा और राजग द्वारा प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में लालकृष्ण आडवाणी के नाम की घोषणा कर दिए जाने के बावजूद उन्होंने इस मुद्दे पर पुनर्विचार करने का विकल्प खोलने का भी प्रयास किया। |