गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने गुप्त तरीके से देश में गतिविधियों का संचालन कर रहे संभावित आतंकवादियों से आसन्न खतरों को खत्म करने के लिए घटना के होने से पहले उससे निपटने के लिए कार्रवाई करने वाले नजरिये की आवश्यकता पर बल दिया।
आंतरिक सुरक्षा पर मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने कहा कि आतंकवाद को लेकर हमारी प्रतिक्रिया प्रतिक्रियात्मक नहीं हो सकती। इस बात के पर्याप्त उदाहरण हैं कि अनेक आतंकवादी इकाइयों ने देश में शरण ले रखी है। अनेक स्लीपर सेल्स भी हैं।
उन्होंने कहा कि हमें निश्चित तौर पर इन लोगों को पकड़ने तथा संभावित आतंकवादी खतरों को नाकाम करने के लिए घटना से पहले कार्रवाई के नजरिए को अपनाना चाहिए। इस संबंध में संभावित आतंकवादी को पकड़ने के लिए महत्वपूर्ण बात है खुफिया जानकारी को इकट्ठा करना और उनका आदान-प्रदान करना तथा समन्वित तरीके से कार्रवाई करना।
उन्होंने मुख्यमंत्रियों से कहा कि वे आतंकवादी हमले के खतरे अथवा हमला होने की स्थिति में एक कमान का एक स्पष्ट ढाँचा तैयार करें। |