दिल्ली के इंदिरा गाँधी अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के गेट नंबर चार के निकट शुक्रवार तड़के फायरिंग की खबर के बाद अफरातफरी मच गई।
इस घटना में हालाँकि कोई हताहत नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि एक क्वालिस कार से कुछ अज्ञात लोग फायरिंग करने के बाद भाग गए।
सीआईएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि गोली चलने जैसी दो आवाजें सुनाई दीं। तलाशी अभियान चलाया गया है। वाहनों की तलाशी ली जा रही है।
उन्होंने बताया कि हालाँकि गोलियाँ नहीं मिली हैं और इस घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं है। उन्होंने बताया कि क्वालिस गाड़ी पर हरियाणा की नंबर प्लेट थी।
इस घटना के कारण लगभग 40 मिनट तक उड़ान सेवाएँ प्रभावित हुईं। हवाई अड्डे पर स्थिति अब सामान्य है और मामले की जाँच जारी है।
गौरतलब है कि संभावित हवाई हमलों की सूचनाओं के बाद कल देश के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। राष्ट्रीय राजधानी समेत चारों महानगरों के हवाई अड्डों पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं।
वायुसेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल फली होमी मेजर ने कल स्वीकार किया था कि आतंकवादी तत्व भारत पर हवाई हमला कर सकते हैं और इस तरह की चेतावनी सरकार को मिली है। इसको देखते हुए हवाई अड्डों पर सतर्कता बढ़ा दी गई थी। |