भारतीय वायु सेना देश के महत्वपूर्ण ठिकानों पर अमेरिका के 9/11 जैसे हवाई हमले से निपटने के लिए तैयार है।
वायुसेना अध्यक्ष फली होमी मेजर ने नौसेना दिवस पर इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए गुरुवार को कहा कि यह आतंकवादियों द्वारा हवाई हमले करने संबंधी खबरें एक चेतावनी पर आधारित हैं, जिन्हें सरकार द्वारा हासिल किया गया है और हम हमेशा की तरह तैयार हैं।
उन्होंने कहा इस मुद्दे पर सेना के तीनों अध्यक्षों ने रक्षा मंत्री एके एंटनी के साथ साउथ ब्लॉक में चर्चा की। उन्होंने कहा इस मुद्दे पर बुधवार की बैठक में चर्चा की गई।
आतंकवादियों द्वारा हवाई हमलों की आशंका संबंधी खुफिया सूचना मिलने के बाद दिल्ली बेंगलुरु और चेन्नई के हवाई अड्डों को कल रात सतर्क कर दिया गया, क्योंकि खबरों में कहा गया था कि बाबरी मस्जिद को ढहाए जाने की बरसी पर हमले करने के लिए आतंकवादी संभवतः देश में घुस चुके हैं।
रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कल सशस्त्र सेनाओं को अमेरिका के 9/11 जैसे हवाई हमले की आशंका के बारे में चेतावनी दी थी। एंटनी ने इस बैठक में सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के बीच और अधिक समन्वय का आह्वान किया था, ताकि खुफिया जानकारियों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
एंटनी ने कहा कि भविष्य में आतंकवादी हमलों से सुरक्षा के लिए देश की तटीय जमीनी और हवाई सीमाओं पर सतर्कता और कड़ी की जाना चाहिए। |