-वेबदुनिया डेस्क मुंबई में हुए आतंकवादी हमले का सीधा असर नई फिल्मों की रिलीज पर पड़ रहा है। इन धमाकों के चलते पिछले शुक्रवार को अभय देओल, नीतू चंद्रा व परेश रावल स्टारर 'ओए लकी लकी ओए' जहाँ मुंबई सहित कई शहरों में ऐन वक्त पर आगे खिसकी, वहीं 'प्रेजिडंट इज कमिंग' की रिलीज भी टल गई।
दो मेगा बजट फिल्में 'खलबली' और 'हॉर्न ओके प्लीज' की रिलीज भी आगे खिसक चुकी है। निर्माता अजमल खान की 'खलबली' में 32 सितारे हैं। 'हॉर्न...' का यूएसपी नाना पाटेकर का आइटम नंबर है।
शबाना आजमी, बोमन ईरानी, संजय सूरी, शरमन जोशी स्टारर 'सॉरी भाई' और अभय देओल की 'लकी ओए लकी ओए' कुछ शहरों में रिलीज हुई। हमलों के अगले ही दिन कुछ शहरों में प्रदर्शित हुईं इन फिल्मों को पहले दिन बीस से तीस प्रतिशत की कमजोर ओपनिंग मिली। इतना ही नहीं, एनसीआर के कुछ मल्टीप्लेक्सों पर नो पब्लिक नो शो तक का नजारा देखने को मिला।
बॉलीवुड में इस दौरान हुए नुकसान की भरपाई करने में महीनों लग जाएँगे। महज फिल्मों की रिलीज आगे खिसकने से इंडस्ट्री को करीब सौ करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में रिलीज होने के बाद फिल्मों का बिजनेस तो कमजोर होगा ही।
फिल्म 'गोलमाल रिटर्न्स' के डायरेक्टर रोहित शेट्टी कहते हैं हमले का असर शाहरुख की 'रब ने बना दी जोड़ी, और आमिर खान की 'गजनी' पर ज्यादा नहीं होगा, लेकिन नई कास्ट वाली औसत बजट की 12 फिल्मों को इस सब का बेहद नुकसान होगा।
ग्लैमर इंडस्ट्री को इस आतंकवादी हमले से कितना नुकसान हुआ है, ये आँकड़े अभी स्पष्ट नहीं हैं। लेकिन सभी दबी जुबान में यह स्वीकार करते हैं कि अपनी पहचान बनाने को आतुर फिल्म मेकर्स और ऐक्टर्स को इससे जूझना पड़ेगा।
निर्देशक निखिल आडवाणी के मुताबिक हमले का असर फिल्मों की शूटिंग पर इसलिए नहीं पड़ा, क्योंकि ज्यादातर फिल्मों की शूटिंग मुंबई से दूर या फिर किसी विदेशी लोकेशन पर हो रही थी।
हालाँकि फिल्मों की पोस्ट प्रोडक्शन, प्रमोशन प्लानिंग, रिलीज और मुनाफे पर इसका असर नजर आएगा। ऐसे में अब एन्टरटेन्मेंट इंडस्ट्री की नजरें 'रब ने बना दी जोड़ी' और 'गजनी' पर लगी हैं और उम्मीद है कि आमिर और शाहरुख का जादू थिएटर्स के सूनेपन को तोड़ेगा। |