संघीय जाँच एजेंसी के गठन समेत आतंकवाद के खिलाफ कानूनों को सख्ती से लागू करने की दिशा में सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सरकार की ओर से आज भरोसा दिलाया गया कि मुंबई में 26 नवम्बर की रात को आतंकवादी हमलों के बाद प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह द्वारा की गई सभी नीतिगत घोषणाओं को लागू किया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने इन हमलों के बाद राष्ट्र के नाम संबोधन में अन्य बातों के अलावा आतंकवादी घटनाओं की छानबीन के लिए संघीय जाँच एजेंसी बनाने की घोषणा की थी।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल ने मंत्रिमंडल की बैठक में जानकारी देते हुए कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूँ कि प्रधानमंत्री ने जो नीतिगत घोषणाएँ की हैं, उन सभी को लागू किया जाएगा।
सिब्बल ने कहा कि गृह मंत्रालय इस बारे में पूरी तरह अवगत है तथा वह तय करेगा कि इन घोषणाओं को कैसे लागू किया जाए। उन्होंने सवालों के जवाब में कहा कि मंत्रिमंडल की आज की बैठक में मुंबई के हमलों के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई।
प्रधानमंत्री ने 27 नवम्बर की शाम को राष्ट्र के नाम संबोधन में मुंबई जैसे आतंकवादी हमलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े से कड़े उपाय करने का देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए संघीय जाँच एजेंसी के गठन के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून को लागू करने तथा आतंकवाद निरोधक कानूनों को सख्त करने की घोषणा की थी। |