भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने बुधवार को अमेरिका की विदेशमंत्री कोंडालिजा राइस से कहा कि मुंबई में हाल में आतंकी हमला करने वालों के हथियारों, प्रशिक्षण और समन्वय को देखने से साफ है कि यह पाकिस्तान की एजेंसियों की जानकारी और मदद के बिना संभव नहीं था।
आडवाणी ने उनके निवास पर आई राइस से 40 मिनट की भेंट में कहा कि अपनी भूमि का आतंकी हमलों के लिए इस्तेमाल नहीं होने देने के कई बार के आश्वासन के बावजूद भारत पर लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं। इससे भारत की जनता में गहरा गुस्सा है।
उन्होंने कहा कि हो सकता है कि वास्तविक हमला लश्कर-ए-तोइबा जैसे संगठन के सदस्यों द्वारा किया गया हो, लेकिन इसमें जिस तरह के प्रशिक्षण उपकरण और समन्वय का इस्तेमाल हुआ उससे साफ है कि यह पाकिस्तानी एजेंसियों की जानकारी मार्गदर्शन प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए बिना नहीं हो सकता था।
भाजपा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार राइस ने कहा कि अमेरिका स्थिति को समझ रहा है और आश्वासन दिया कि उनका देश यह सुनिश्चित करेगा कि भारत की इन चिंताओं पर पाकिस्तान ध्यान दे। |