प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने बुधवार को कहा कि मैं इत्तफाक से राजनीतिज्ञ हूँ मेरा सबसे पसंदीदा काम पढ़ाना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सालों तक विश्वविद्यालय में पढ़ाना उनके जीवन का सर्वाधिक दिलचस्प दौर था।
मनमोहन ने जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस्ड साइंटिफिक रिसर्च (जेएनसीएएसआर) में इंटरनेशनल सेंटर फॉर मटेरियल्स साइंस (आइसीएमएस) तथा सीएनआर हाल के उद्घाटन के समय पहले से तैयार अपने भाषण से हटते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं अनुसंधान केन्द्रों के भ्रमण से उनका मन प्रफुल्लित हो जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि चंद्रमा अभियान ने देश को गौरवान्वित किया है और साबित किया है कि भारतीय वैज्ञानिक किसी से कम नहीं हैं।
सिंह ने जेएनसीएएसआर के निदेशक तथा प्रधानमंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष सीएन राव को न केवल वैज्ञानिक अनुसंधान में बल्कि भारतीय विज्ञान के विकास में उनके योगदान के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि देश को केवल महान वैज्ञानिकों की ही नहीं बल्कि दूरदृष्टाओं की भी जरूरत है, जो निपुण प्रशासक हों तथा मजबूत संस्थान निर्माता हों।
बेंगलुरु पुलिस अलर्ट रहे : सिंह ने पुलिस से कहा कि वह किसी भी अप्रिय वारदात को रोकने के लिए हाई अलर्ट पर रहे। शहर की एक दिन की यात्रा पर यहाँ पहुंचे प्रधानमंत्री ने पुलिस आयुक्त शंकर बिदरी से कहा आपकी जिम्मेदारियाँ अधिक हैं और मुझे विश्वास है कि आप अपनी जिम्मेदारियों को पूरी तरह निभाएँगे। प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी हाल ही में मुम्बई हुए आतंकवादी हमलों के मद्देनजर आई है। |