मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय > सबसे कम उम्र के क्रांतिकारी थे खुदीराम
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
सबसे कम उम्र के क्रांतिकारी थे खुदीराम
तीन दिसंबर जन्म दिवस पर विशेष
भारतीय स्वाधीनता संग्राम का इतिहास क्रांतिकारियों के सैकड़ों साहसिक कारनामों से भरा पड़ा है। क्रांतिकारियों की सूची में ऐसा ही एक नाम है खुदीराम बोस का जो मात्र 19 साल की उम्र में ही देश के लिए फाँसी के फंदे पर झूल गए।

कुछ इतिहासकार उन्हें देश के लिए फाँसी पर चढ़ने वाला सबसे कम उम्र का क्रांतिकारी देशभक्त मानते हैं। खुदीराम का जन्म तीन दिसंबर 1889 को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में त्रैलोक्यनाथ बोस के यहाँ हुआ था।

इतिहासकार रमन श्रेष्ठ के अनुसार खुदीराम को देश को आजाद कराने की ऐसी लगन लगी कि उन्होंने नौवीं कक्षा के बाद ही पढ़ाई छोड़ दी और स्वदेशी आंदोलन में कूद पड़े।

इसके बाद वे रिवोल्यूशनरी पार्टी के सदस्य बने और वंदेमातरम पैम्फ्लेट वितरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1905 में बंगाल विभाजन के विरोध में चलाए गए आंदोलन में भी उन्होंने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

28 फरवरी 1906 को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कैद से वे भाग निकले लेकिन लगभग दो महीने बाद अप्रैल में वे फिर से पकड़े गए। 16 मई 1906 को उन्हें रिहा कर दिया गया।

छह दिसंबर 1907 को खुदीराम ने नारायणगढ़ रेलवे स्टेशन पर बंगाल के गवर्नर की विशेष ट्रेन पर हमला किया परंतु गवर्नर बच गया।

सन 1908 में उन्होंने दो अंग्रेज अधिकारियों वाट्सन और पैम्फायल्ट फुलर पर बम से हमला किया लेकिन वे भी बच निकले।

खुदीराम बोस मुजफ्फरपुर के सेशन जज से बेहद खफा थे क्योंकि उसने बंगाल के कई देशभक्तों को कड़ी सजा दी थी। उन्होंने अपने साथी प्रफुल्लचंद चाकी के साथ मिलकर सेशन जज किंग्सफोर्ड से बदला लेने की योजना बनाई।

दोनों मुजफ्फरपुर आए और 30 अप्रैल 1908 को सेशन जज की गाड़ी पर बम फेंक दिया लेकिन उस समय गाड़ी में किंग्सफोर्ड की जगह उसकी परिचित दो यूरोपीय महिला कैनेडी और उसकी बेटी सवार थीं। किंग्सफोर्ड के धोखे में दोनों महिलाएँ मारी गईं जिसका खुदीराम और प्रफुल्ल द चाकी को बेहद अफसोस हुआ।

अंग्रेज पुलिस उनके पीछे लगी और वैनी रेलवे स्टेशन पर उन्हें घेर लिया। अपने को पुलिस से घिरा देख प्रफुल्लचंद चाकी ने खुद को गोली मारकर अपनी शहादत दे दी जबकि खुदीराम पकड़े गए। 11 अगस्त 1908 को उन्हें मुजफ्फरपुर जेल में फाँसी दे दी गई। उस समय उनकी उम्र मात्र 19 साल थी।

फाँसी के बाद खुदीराम इतने लोकप्रिय हो गए कि बंगाल के जुलाहे एक खास किस्म की धोती बुनने लगे।

इतिहासवेत्ता शिरोल के अनुसार बंगाल के राष्ट्रवादियों के लिए वह शहीद और अनुकरणीय हो गया। विद्यार्थियों तथा अन्य लोगों ने शोक मनाया। कई दिन तक स्कूल बंद रहे और नौजवान ऐसी धोती पहनने लगे जिनकी किनारी पर खुदीराम लिखा होता था।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
देशमुख के भाग्य पर अनिश्चितता बरकरार
शब्द नहीं थे शाहरुख खान के पास
लश्कर के ठिकानों पर हमले संभव-प्रणब
अच्युतानंदन के बयान पर माकपा शर्मिंदा
विलासराव देशमुख सोनिया गाँधी से मिले
भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जुबानी जंग