माकपा ने मुंबई में आतंकवादियों के साथ मुकाबला करते हुए शहीद हुए एनएसजी के मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के परिवार की भावनाओं को ठेस पहुँचाने के लिए केरल के मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन की खिंचाई करते हुए उनके बयान को खेदजनक बताया। हालाँकि अच्युतानंदन ने इस मामले में माफी माँगने से इनकार कर दिया।
माकपा नेता के इस बयान को लेकर कल विवाद पैदा हो जाने के बाद पार्टी महासचिव प्रकाश करात ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से बातचीत की है।
पार्टी महासचिव प्रकाश करात ने राजस्थान से एक वक्तव्य में कहा कि वीएस अच्युतानंदन का बयान अफसोसजनक है। मैंने उनसे इस संबंध में टेलीफोन पर बातचीत की है। उधर केरल के मुख्यमंत्री अच्युतानंदन ने शहीद कमांडो उन्नीकृष्णन के परिवार के खिलाफ अपनी विवादित टिप्पणी के लिए माफी माँगने से इनकार कर दिया है। मीडिया द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या वे अपनी टिप्पणी पर माफी मांगेंगे तो मुख्यमंत्री ने कहा कि नहीं।
उल्लेखनीय है कि संदीप के पिता द्वारा मिलने से इनकार कर दिए जाने के बाद अच्युतानंदन ने कल अपनी टिप्पणी से खासा विवाद पैदा कर दिया था। उन्होंने कहा था अगर वह मेजर संदीप का घर नहीं होता तो वहाँ कुत्ता भी झाँकने नहीं जाता।
भाकपा नेता एबी वर्द्धन भी अच्युतानंदन पर हो रहे हमले में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री से ऐसी उम्मीद नहीं की जाती, लेकिन उन्होंने कहा कि जिस तरह का व्यवहार संदीप के पिता ने किया, उन्हें वैसा नहीं करना चाहिए था।
मुंबई में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान में शहीद हुए संदीप के परिवार के प्रति मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन की कथित अपमानजनक टिप्पणी की गूँज आज राज्य विधानसभा में भी सुनाई पड़ी। दूसरी ओर कांग्रेस और भाजपा के युवक संगठनों ने इस मुद्दे पर तिरुवनंतपुरम में प्रदर्शन किया। शून्यकाल के दौरान विपक्ष के नेता ओमन चांडी ने इस मुद्दे पर बहस के लिए कार्यस्थगन प्रस्ताव लाने और मुख्यमंत्री द्वारा शहीद उन्नीकृष्णन के परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने की मीडिया रिपोर्टों पर सरकार से सफाई की माँग की।
विधानसभाध्यक्ष के. राधाकृष्णन ने हालाँकि कहा कि इस समय यह मामला उठाने का कोई औचित्य नहीं है क्योंकि मुख्यमंत्री इस वक्त सदन में मौजूद नहीं हैं। |