मुम्बई में हुए आतंकवादी हमलों के बाद पड़ोसी देश के साथ सशस्त्र संघर्ष के कयासों को दूर करते हुए भारत ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर विचार नहीं किया जा रहा है और वह वहाँ से संचालित हो रहे आतंकी संगठनों तथा आतंकवादियों के खिलाफ अपनी माँग पर इस्लामाबाद के जवाब का इंतजार कर रहा है।
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा की उस सलाह के बारे में पूछे जाने पर जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत को अपनी रक्षा करने का अधिकार है, विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि जो भी कुछ होगा समय बताएगा और आपको पता चल जाएगा। यह पूछे जाने पर कि क्या इसका मतलब सैन्य कार्रवाई से है, मुखर्जी ने कहा कि कोई भी सैन्य कार्रवाई के बारे में नहीं कह रहा।
मुखर्जी की यह टिप्पणी काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि अमेरिका और यहाँ तक कि पाकिस्तान में भी यह आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान स्थित तत्वों द्वारा मुम्बई पर किए गए आतंकी हमलों के बाद भारत सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। |