पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने भ्रष्टाचार को समाज के लिए चिंता का विषय बताते हुए युवाओं से अपील की है कि इसके उन्मूलन के लिए युवकों को आगे आना चाहिए।
यहाँ बुधवार को आयोजित एक राष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित करते हुए कलाम ने कहा कुछ भी करने से पहले प्रत्येक आदमी को अपने अंतरात्मा की आवाज सुनना चाहिए। युवाओं और बच्चों को इसके लिए आगे आना चाहिए और देश से भ्रष्टाचार को समाप्त करने में मदद करना चाहिए।
उन्होंने कहा भ्रष्टाचार के उन्मूलन के लिए हांगकांग की तरह एक स्वतंत्र आयोग की स्थापना होना चाहिए, जो भ्रष्टाचार के उन्मूलन में मदद कर सकता है।
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा इंटरनेट के माध्यम से बड़े-बड़े बुद्धिजीवियों ने मुझे हांगकांग के अनुभव के बारे बताया है। भारतीय परिदृश्य में जैसा आज हो रहा है, 40 साल पहले हांगकांग में भी वही स्थिति थी, लेकिन हांगकांग आज भ्रष्टाचार मुक्त है।
उन्होंने कहा लोगों ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एक स्वतंत्र और ताकतवर आयोग के गठन के कारण ऐसा हुआ है। |