केन्द्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी की हालत सोमवार को पन्द्रहवें दिन भी गंभीर है। वे अब भी वेंटिलेटर पर हैं।
अपोलो अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉक्टर विनीत सूरी तथा श्वास संबंधी मामलों के विशेषज्ञ डॉक्टर अवधेश बंसल के नेतृत्व में वरिष्ठ डॉक्टरों का दल दासमुंशी के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हुए है।
दासमुंशी को लेफ्ट वेंट्रीक्यूलर सिस्टम फेल होने के बाद गत 13 अक्टूबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें वहाँ लगातार वेंटीलेटर पर रखा गया था। दासमुंशी के परिवार वालों की सलाह एवं अनुरोध पर उन्हें गत 20 अक्टूबर एम्स से इन्द्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में स्थानान्तरित कर दिया गया।
अमेरिका की जॉन हाप्किन्स यूनिवर्सिटी के डॉक्टर डेन हेनले भी विशेष रूप से नई दिल्ली पहुँचे और उन्होंने दासमुंशी की चिकित्सा जाँच की। डॉक्टर हेनले दासमुंशी के निजी चिकित्सकों के अनुरोध पर यहाँ आए थे।
बासठ वर्षीय दासमुंशी की पत्नी अस्पताल में उनके पास हैं। दासमुंशी को कलकत्ता जाते समय गत 6 जुलाई को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उनकी एन्जीयोप्लास्टी की गई थी। |