तारे जमींन पर की सफलता के बाद अब आमिर खान को इस बात की उत्सुकता है कि उनकी आगामी फिल्म 'गजनी' को दर्शकों की कैसी प्रतिक्रिया मिलती है।
आमिर ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि जल्द ही गजनी का प्रोमो आने वाला है और इस फिल्म के बारे में बात करते हुए वे खुद को थोड़ा नर्वस महसूस करते हैं।
अपनी लगभग हर फिल्म में नए गेटअप में नजर आने वाले आमिर ने गजनी में भी अपना लुक बदला है और उम्मीद है कि दर्शक उसे सराहेंगे। उन्होंने लिखा है गजनी मेरा पहला रीयल एक्शन थ्रिलर है। इसमें मुख्यधारा के मनोरंजन की भी कमी नहीं है। लंबे समय के बाद मैंने ऐसी फिल्म की है।
तारे जमींन पर की चर्चा करते हुए आमिर कहते हैं तारे जमींन पर की रिलीज के बाद जो प्रतिक्रिया मिली, वह आश्चर्यजनक थी। मैं फिलहाल अमेरिका में हूँ। पहले सिएटल गया और फिर लॉस एंजिल्स।
सिएटल में इंटरनेशनल डिस्लेक्सिया एसोसिएशन की सालाना बैठक होने वाली है, जिसमें आयोजकों ने तारे जमींन पर दिखाने का फैसला किया है और इसी सिलसिले में मुझे भी आमंत्रित किया गया है।
आमिर की बहुचर्चित तारे जमींन पर डिस्लेक्सिया से पीड़ित एक बच्चे की कहानी है। यह फिल्म ऑस्कर के लिए नामांकित हुई है। हाल ही में आमिर और स्वीडन की राजकुमारी विक्टोरिया के डिनर की खबर भी सुर्खियों में थी। इसे एक खुशनुमा मुलाकात बताते हुए आमिर ने लिखा है वे बेहद खूबसूरत, आकर्षक, स्मार्ट चतुर महिला हैं।
उन्हें भारत में गहरी दिलचस्पी है। किरण (आमिर की पत्नी) और मेरे लिए उनके साथ बिताई गई शाम एक यादगार अवसर है। आमिर ने अपने प्रशंसकों को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा है कि हर साल दीप पर्व पर उन्हें बेहद शांति का अहसास होता है। उन्होंने लिखा है शायद यह दीयों का प्रभाव होगा। |