तेलुगू फिल्मों के ख्यात अभिनेता चिरंजीवी द्वारा बनाई गई राजनीतिक पार्टी 'प्रजा राज्यम' के पंजीकरण पर चुनाव आयोग द्वारा संभवत: अगले सप्ताह फैसला किए जाने की उम्मीद है।
चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि राजनीतिक पार्टी के पंजीकरण के लिए चिरंजीवी के आवेदन पर 16 अक्टूबर को सुनवाई की जाएगी।
चिरंजीवी की पार्टी ने प्रारंभिक बाधा उस समय पार कर ली थी जब एक वकील ने अपना वह आवेदन वापस ले लिया, जिसमें उसने 'प्रजा राज्यम' नाम से ही अपने राजनीतिक संगठन के पंजीकरण की माँग की थी।
चिरंजीवी द्वारा पार्टी की घोषणा करने से एक दिन पहले ही वकील चेन्ना कृष्ण्यै ने यह घोषणा कर डाली थी कि उन्होंने 'प्रजा राज्यम' नाम से अपनी पार्टी का पंजीकरण माँगा है।
बाद में वकील ने कहा कि उन्होंने अपना आवेदन वापस लेने का फैसला किया है। चिंरजीवी ने फिल्मी अंदाज में गत 26 अगस्त को तिरुपति में अपने प्रशंसकों और समर्थकों की भीड़ के सामने पार्टी की घोषणा की थी।
148 फिल्मों में अभिनय कर चुके चिरंजीवी के राजनीति में प्रवेश से आंध्रप्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरणों के बदले जाने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। |