देश की राजधानी लोगों के लिए सुरक्षित नहीं रह गई है। कभी आतंकवाद तो कभी हत्या व लूटपाट की वारदातें। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी प्रो. विजयकुमार मल्होत्रा ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा आतंकवाद व भय का वातावरण स्थापित हो रहा है। उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर संप्रग सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा स्वयं मुख्यमंत्री शीला दीक्षित कह चुकी हैं कि शहर की कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। ऐसे में कड़े कानूनों की जरूरत है, मगर विडंबना यह भी है कि सरकार आतंकियों के प्रति नरमी बरत रही है। संसद पर हमले के दोषी अफजल की फाँसी की याचिका को दिल्ली सरकार दबाकर बैठी है।
प्रो. मल्होत्रा ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के मामले में कांग्रेस की उदासीनता पर भी नाराजगी जाहिर की। बिजली की बढ़ी दरों तथा तेज भागते बिजली के मीटरों के संबंध में भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही कंपनियों को निजीकरण के समय के वायदों के तहत कार्य करने के लिए बाध्य करेगी। उन्होंने यातायात व्यवस्था की बदतर हालत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनते ही राजधानी में सड़कों की हालत को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि लोगों को यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाई जा सके। |